नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र शनिवार को चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ में तब्दील हो गया। भारत के मौसम विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी देते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। क्योंकि बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात ‘गुलाब’ में तेज हो गया था।

आईएमडी कोलकाता के निदेशक जीके दास ने कहा कि ‘दक्षिण बंगाल में 28-29 सितंबर को विशेष रूप से भारी वर्षा और हवा के मामले में मौसम की गतिविधि में वृद्धि होने की संभावना है। 28 सितंबर को कोलकाता, उत्तर 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, हावड़ा, हुगली में भारी वर्षा की संभावना है।

आईएमडी ने कहा, ‘उत्तर-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम मध्यबंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र पिछले छह घंटों में सात किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम की ओर बढ़ा है और यह ताकतवर होकर चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ में तब्दील हो गया है।’’