सहारनपुर से विजय संकल्प यात्रा की शुरूआत करेंगे गृहमंत्री अमित शाह

सहारनपुर। विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर भाजपा पूरी तरह सक्रिय है। इसी के तहत गृहमंत्री अमित शाह सहारनपुर से ही विजय संकल्प यात्रा का शुभारंभ करेंगे। गृहमंत्री छह या सात दिसंबर को सहारनपुर आएंगे। इनके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सहित कई शीर्ष नेता भी यहां आएंगे। इसको लेकर संगठन की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है।

हर बार की तरह इस बार भी भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी शंखनाद सहारनपुर से करेगी। इसको लेकर गृह मंत्री अमित शाह छह या सात दिसंबर को यहां आएंगे। वह मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने भी जाएंगे। इसके बाद ही विजय संकल्प यात्रा की शुरूआत की जाएगी।

इससे पहले भी भाजपा के शीर्ष नेताओं ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मां शाकंभरी देवी के दर्शन करने के बाद ही सहारनपुर से चुनावी शंखनाद किया है। इसके साथ ही गृह मंत्री का रोड शो भी होगा। इसको लेकर संगठन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। क्षेत्रीय मीडिया सह संयोजक गौरव गर्ग ने बताया कि गृहमंत्री सहारनपुर आएंगे, लेकिन अभी तारीख तय नहीं हुई है। वह छह या सात दिसंबर को विजय संकल्प यात्रा का शुभारंभ करेंगे। जल्द पार्टी हाईकमान से उनका कार्यक्रम आएगा। गृहमंत्री के आगमन को लेकर संगठन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।

advertisement at ghamasaana