प्रयागराज में महाकुंभ का आयोजन अपने चरम पर है। आज एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 10 बजे तक 58 लाख से अधिक श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने दारागंज स्थित संगम रेलवे स्टेशन को 26 फरवरी तक बंद करने का निर्णय लिया है। वहीं, मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारियों की ड्यूटी 27 फरवरी तक बढ़ा दी गई है।
यातायात प्रतिबंध और ट्रेनों के बदले रूट
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने वाहनों की एंट्री पर दोबारा रोक लगा दी है। पहले से जारी किए गए सभी पास रद्द कर दिए गए हैं। प्रयागराज से गुजरने वाली 19 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया गया है। श्रद्धालुओं के वाहनों को संगम से 10-12 किलोमीटर पहले ही पार्किंग में रोक दिया जा रहा है, जिससे उन्हें पैदल ही संगम तक जाना पड़ रहा है।
महाकुंभ का 36वां दिन, अब तक 53 करोड़ श्रद्धालु कर चुके स्नान
आज महाकुंभ का 36वां दिन है और अब तक 53 करोड़ से अधिक श्रद्धालु संगम में पुण्य स्नान कर चुके हैं। भाजपा सांसद और प्रसिद्ध अभिनेत्री कंगना रनोट भी आज संगम में डुबकी लगाएंगी। उनके साथ गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल भी संगम स्नान करेंगे।
गंगा पंडाल में विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
आज गंगा पंडाल में 8 घंटे के भीतर 10 हजार लोग हैंड प्रिंटिंग का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश करेंगे। रविवार को प्रयागराज-रीवा हाईवे पर 15 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। लखनऊ, कानपुर और जौनपुर के रास्तों पर भी वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। एयरपोर्ट पर भी यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे कई यात्री जमीन पर बैठकर और लेटकर इंतजार करते नजर आए।
सांसद कंगना रनोट समेत कई नेता करेंगे संगम स्नान
लोकसभा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट, सांसद बीवाई राघवेंद्र और सांसद लावु श्री कृष्ण देवरा यालु आज संगम में डुबकी लगाएंगे। इनके अलावा यूपी सरकार में मंत्री अनिल राजभर, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह और राज्यसभा सांसद डॉ. के. लक्ष्मण भी महाकुंभ में मौजूद रहेंगे।
Mahakumbh #Prayagraj #Sangam #KumbhMela #KanganaRanaut #Snan #TrafficJam #WorldRecord #Pilgrimage #Devotees

