बिजनौर। मेरठ-पौड़ी नेशनल हाईवे 119 पर जानलेवा हो चले गड्ढों पर मंगलवार को डीएम इतने खफा हुए कि भरी बैठक से एनएच अफसरों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस बुला ली। बात यहीं नहीं रुकी, एनएच अथॉरिटी के डीजीएम और प्रबंधक को पुलिस के हवाले भी कर दिया।

शाम चार बजे से रात आठ बजे दोनों अधिकारियों को चार घंटे तक पुलिस हिरासत में रखा गया। दो दिन में गड्ढों को भरवा दिए जाने के आश्वासन के बाद ही दोनों को छोड़ा गया। दरअसल कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम ने बैठक बुलाई थी। हाईवे के गड्ढों के चलते एनएच के अफसरों को देख डीएम बिफर गए। वहीं पीडब्लूडी नजीबाबाद के अधिकारियों को भी फटकार लगाई।
मंगलवार को विकास भवन के सभागार डीएम उमेश मिश्रा और एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने सभी विभागों की कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक ली। इस बैठक में मेरठ से एनएच 119 के डीजीएम और प्रबंधक पहुंचे थे। डीएम ने मालूम किया कि नेशनल हाईवे 119 से कौन आया है। तभी डीजीएम और प्रबंधक खड़े गए।
डीएम ने कहा कि एसपी साहब इन्हें गिरफ्तार करिए, ये यहां से जाएंगे नहीं। शहर कोतवाल बैठक में पुलिसबल के साथ पहुंच गए। दोनों अधिकारियों को अपने साथ ले गए। शाम चार बजे से रात करीब आठ बजे तक चार घंटे हिरासत में रहे। इसके बाद दो दिन में गड्ढे भरवा दिए जाने के आश्वासन के बाद ही उन्हें छोड़ा गया।
बता दें कि डीएम हाईवे में गड्ढों के नहीं भरे जाने से नाराज थे। परियोजना निदेशक के नहीं आने से भी डीएम नाराज हो गए थे। वहीं कांवड़ मार्गों के गड्ढे नहीं भरे जाने से लोक निर्माण विभाग खंड नजीबाबाद के अधिकारियों को डीएम ने खूब खरीखोटी सुनाई। नजीबाबाद खंड की भागूवाला मोटामहादेव बाईपास खराब है।
नगीना से हरेवली रोड भी खराब है। बैठक में एनएच के अधिकारियों की गिरफ्तारी का माहौल बनता देख दूसरे अधिकारी भी सहम गए। वहीं बिजली विभाग से लेकर दूसरे विभागों को भी कांवड़ यात्रा के संबंध में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। डीएम ने साफ तौर पर कहा कि अगली बैठक 25 फरवरी को होगी, तब तक तैयारियां अधूरी नहीं रहनी चाहिए।
बार-बार कहने के बावजूद भी एनएच अफसर गड्ढे नहीं भरवा रहे थे। लगातार गड्ढों से दुर्घटना होने, लोगों के परेशान होने की शिकायतें मिल रही थी। आज बैठक में एनएच के दो अधिकारियों को चार घंटे तक पुलिस हिरासत में रखा गया। गड्ढे भरवाने के आश्वासन के बाद ही छोड़ा गया। दो दिन में गड्ढे भरने को कहा है – उमेश मिश्रा, डीएम, बिजनौर

