बड़ौत में शराब की ओवर रेटिंग के विरोध में युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

बागपत। बड़ौत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर छपरौली चुंगी के समीप स्थित शराब के ठेके पर बुधवार को बवाल हो गया। यहां शराब की बोतल खरीदने आए एक युवक ने ओवर रेट वसूलने पर हंगामा कर दिया। इससे आक्रोशित कर्मचारियों ने उसे घेरकर पीटा। इस पर युवक बचकर भागने लगा तो हमलावरों ने पथराव कर दिया। किसी तरह घायल युवक भाग निकला। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फिलहाल पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें न्यायालय ने जेल भेज दिया है।

नगर का एक युवक बुधवार को छपरौली चुंगी स्थित ठेके पर शराब खरीदने पहुंचा। आरोप है कि इस दौरान कर्मचारी ने उससे मूल्य से अधिक रुपये वसूल लिए। इस पर युवक ने विरोध शुरू कर दिया। उसने आबकारी विभाग व पुलिस से शिकायत करने की चेतावनी दी। यह सुनते ही कर्मचारी आक्रोशित हो गए। उन्होंने उक्त युवक की पिटाई शुरू कर दी। युवक बचकर भागने लगा। इस पर ठेका कर्मियों ने उस पर पथराव शुरू कर दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि वहां से भागने में सफल रहा। पुलिस प्रशासन को इसकी भनक तक नहीं लगी।

वहीं किसी ने सोशल मीडिया पर मारपीट का वीडियो वायरल कर दिया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थाना पुलिस का कहना है कि वीडियो में उक्त दोनों लोग एक युवक से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। थाना पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो के आधार पर युवक से मारपीट करने वाले शहजाद पुत्र जमील निवासी पट्टी चौधरान व सतवीर पुत्र हरफूल निवासी सिसौली थाना भौरांकला जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है।

advertisement at ghamasaana