नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में भारत की फर्स्ट सेक्रेटरी स्नेहा दुबे पाकिस्तान के प्रोपेगैंडा की पोल खोल दी है। यूएन में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के भाषण पर जवाब देते हुए भारत की फर्स्ट सेक्रेटरी स्नेहा दुबे ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा से आतंक को बढ़ावा देता आया है और ये बात यूएन के मेंबर देश जानते हैं।

उन्होंने पाकिस्तान को पीओके (POK) खाली करने की भी बात कही है। राइट टू रिप्लाई (जवाब देने का अधिकार) के तहत भारत की फर्स्ट सेक्रेटरी स्नेहा दुबे ने इमरान खान के भाषण पर जवाब देते हुए कहा कि हम पाकिस्तान के नेता (इमरान खान) के दिए गए भाषण पर अपने राइट टू रिप्लाई के अधिकार का प्रयोक करते हुए कहना चाहती हूं कि पाकिस्तान के नेता हमेशा ही मेरे देश के आंतरिक मामलों को उठाते हैं और विश्व स्तर पर झूठ को फैलाने के लिए इस प्रतिष्ठित मंच की छवि को धूमिल करते हैं।

स्नेहा दुबे ने कहा, ”बहुत ही अफसोस की बात है कि यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान के नेता ने मेरे देश के खिलाफ झूठे और दुर्भावनापूर्ण प्रचार करने के लिए यूएन के मंच का दुरुपयोग किया है। पाकिस्तान ऐसा करके दुनियाभर के देशों का ध्यान अपने देश की उस स्थिति से हटाने की कोशिश कर रहा है, जहां आतंकवादियों को मुफ्त पास दिया जाता है और वह लोग उसका आनंद लेते हैं।”