जल्द शुरू होगा आईपीएल, बीसीसीआई आज लेगा फैसला

ipl2022

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर पर सहमति बनने के बाद अब IPL 2025 को दोबारा शुरू करने की संभावना तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, 11 मई को BCCI टूर्नामेंट की दोबारा शुरुआत को लेकर कोई बड़ा फैसला ले सकता है।

शनिवार शाम 5 बजे से भारत और पाकिस्तान के बीच फायरिंग पर रोक लगाई गई थी, जिसके बाद मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि IPL के बचे हुए मुकाबले अगले सप्ताह से फिर शुरू हो सकते हैं। गौरतलब है कि IPL 2025 में अभी प्लेऑफ से पहले 13 मुकाबले खेले जाने बाकी हैं, जिनमें 8 मई को अधूरा रह गया पंजाब किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स मैच भी शामिल है।

उक्त मैच के दौरान 10.1 ओवर तक खेल हो चुका था, तभी तकनीकी खराबी का हवाला देकर मैच रोक दिया गया और दर्शकों को स्टेडियम खाली करने के निर्देश दिए गए। बाद में IPL चेयरमैन अरुण सिंह धूमल ने खुलासा किया कि तकनीकी कारण एक सुरक्षा रणनीति का हिस्सा था, जिससे भगदड़ जैसी घटना को रोका जा सके।

ESPNcricinfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, IPL 2025 के बाकी मैचों के आयोजन के लिए तीन संभावित मैदानों को चुना जा सकता है:

  • एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु
  • चेपॉक स्टेडियम, चेन्नई
  • राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम, हैदराबाद

BCCI के एक बयान में 9 मई को बताया गया था कि IPL को एक सप्ताह के लिए अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया है। अब यदि टूर्नामेंट फिर शुरू होता है, तो पहला मुकाबला वही होगा जो 8 मई को अधूरा रह गया था—दिल्ली कैपिटल्स बनाम पंजाब किंग्स।

क्रिकेट फैंस की निगाहें अब 11 मई की बैठक पर टिकी हैं, जहां BCCI टूर्नामेंट के रेस्टार्ट की आधिकारिक तारीख का ऐलान कर सकता है।

advertisement at ghamasaana