नई दिल्ली l दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा शासन काल में यदि कोई सामाजिक संस्था अन्य राजनीतिक दल के नेताओं के फोटो लगाकर होर्डिंग लगा रही है तो उनको पुलिस और एसडीएम के द्वारा जबरन हटाया जा रहा है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांवड़ जैसे पवित्र आयोजन में इस प्रकार की घिनौनी राजनीति नही होनी चाहिए, क्योंकि कांवड़ शिविर कावड़ श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लगाये जाते है।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार ने इस वर्ष कांवड़ियों के लिए समय पर इंतजाम नही किया और उल्टे शिविरों को दी जाने वाली राशि पर भी केप लगा दी, जबकि कांग्रेस की शीला दीक्षित सरकार के समय कांवड़ शिविरों में लगने वाले टेंट, कुर्सी, मेज इत्यादि का पूरा खर्च सरकार वहन करती थी।
श्री देवेन्द्र यादव ने बादली विधानसभा में करनाल बायपास, संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर पर कांवड़ शिविर का उद्घाटन किया और दीप प्रज्वलित भी किए। भगवान शिव के श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा के लिए जनसेवा संगठन समयपुर बादली में प्रत्येक वर्ष कांवड शिविर लगाकर यहां से गुजरने वाले कांवड राहगीरों की सेवा करता है।
श्री देवेन्द्र यादव ने कांवड़ शिविर पहुॅचकर पूजा अर्चना भी की और वहां जनसेवा संगठन द्वारा कांवडियों के लिए मौजूद सुविधाओं का जायजा भी लिया। सेवा भाव के लिए लगाए गए कांवड़ शिविर में कांवड़ियों के लिए दवाई की व्यवस्था भी मौजूद होने के साथ-साथ उन्हें तीन वक्त भंडारा कराने की व्यवस्था भी की गई है।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस सर्वधर्म सम्भाव की विचारधारा में विश्वास रखने वाली पार्टी है और हर धार्मिक आस्था प्रति सद्भावना और सामाजिक समरसता का प्रसार प्रचार ही हमारी नीति, विश्वास और विचारधारा है। श्री यादव ने दिल्ली के लाखों कांवड़ियों से अनुरोध किया कि सभी श्रद्धालु गंगाजल ले जाते समय अनुशासन और यातायात नियमों का पालन करें और दिल्ली एनसीआर के रुट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाईजर का उलंघन न करें।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांवड़ शिविर में हरिद्वार में गंगा से पवित्र जल लेने के लिए जाने वाले और जल लेकर लौटते वक्त जो संकट, परेशानियां होती है उनका हर तरह से ध्यान शिविर में सेवा करके, दवाई देकर रखा जाता है और 24 घंटे उनके खाने की उचित व्यवस्था भी शिविर में हर साल की तरह इस साल भी की गई। उन्होंने कहा कि दिल्ली भर में कांवड़ इसलिए लगाया गया है कि जब कांवड़ श्रद्धालु थक जाते है तो यहां उन्हें आराम करने के लिए उचित व्यवस्था मिलती है।

