नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुजरात की विसावदर और पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। जीत के बाद पार्टी संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इसे जनता का आशीर्वाद और AAP की नीतियों की जीत बताया।
केजरीवाल ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, “मैं गोपाल इटालिया और संजीव अरोड़ा तथा वहां की जनता और कार्यकर्ताओं का दिल से धन्यवाद करता हूं।” उन्होंने बताया कि 2022 के मुकाबले इस बार दोनों सीटों पर दोगुने अंतर से जीत मिली है, जो पार्टी के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “पंजाब में 2022 की जीत एक आंधी थी, लेकिन 2027 में तूफान आएगा।” वहीं गुजरात की राजनीति को लेकर उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी के 30 वर्षों के शासन से परेशान हो चुकी है और अब बदलाव चाहती है।
केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि गुजरात में हुए उपचुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच अंदरखाने समझौता था, लेकिन इसके बावजूद AAP ने एक सीट पर ऐतिहासिक जीत हासिल की। उन्होंने कहा, “गुजरात में अब सीधी लड़ाई आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच है।”
कांग्रेस पर हमला करते हुए केजरीवाल ने आरोप लगाया कि उसका शीर्ष नेतृत्व बीजेपी के इशारे पर चलता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि जो भी बीजेपी के खिलाफ सच्चाई से लड़ना चाहते हैं, वे AAP में शामिल हो सकते हैं।

