
लखनऊ । इंस्टाग्राम पर वीडियो डालकर लेडी कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा मशहूर जरूर हो गईं, लेकिन इसकी उन्हें काफी कीमत चुकानी पड़ी। वीडियो वायरल होने के बाद प्रियंका को पहले लाइन हाजिर कर दिया गया। इसके बाद कमंेट से परेशान होकर प्रियंका को अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी। इसके बाद पुलिस विभाग ने उनकी ट्रेनिंग पर खर्च हुए रुपयों की वसूली के लिए नोटिस भेज दी। प्रियंका मिश्रा ने अब पुलिस विभाग को ट्रेनिंग पर खर्च हुई धनराशि लौटा दी है।
रिवाल्वर के साथ वर्दी में वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद सुर्खियों में आई कांस्टेबल प्रियंका मिश्रा की अब पुलिस विभाग से छुट्टी हो गई है। इस्तीफा मंजूर करने के बाद उनको विभाग की ओर से 1.52 लाख रुपये जमा कराने का नोटिस भी थमा दिया गया है। यह धनराशि उनकी ट्रेनिंग पर सरकार द्वारा खर्च की गई थी। उधर, इस्तीफा मंजूर होने के बाद महिला कांस्टेबल को मलाल हो रहा है। मगर, अब प्रियंका ने सिविल की तैयारी कर या माडलिंग कर आगे बढ़ने का लक्ष्य बनाया है।
कानपुर की रहने वाली प्रियंका मिश्रा 10 अक्टूबर 2020 को पुलिस कांस्टेबल पद पर भर्ती हुई थीं। 24 अगस्त को इंटरनेट मीडिया पर प्रियंका का वर्दी में रिवाल्वर के साथ वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक डायलॉग पर वे लिप्सिंग करती नजर आ रही थीं। वीडियो को संज्ञान में एसएसपी मुनिराज जी ने उन्हें लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद प्रियंका के इंस्टाग्राम अकाउंट पर कमेंट आने लगे। इनसे परेशान होकर प्रियंका ने 31 अगस्त को एसएसपी को इस्तीफा सौंपा था। रविवार को उनका इस्तीफा एसएसपी मुनिराज जी. ने मंजूर कर लिया। इसके साथ ही प्रियंका को एक नोटिस दिया गया है। इसमें ट्रेनिंग पर खर्च हुए 1.52 लाख रुपये जमा कराने को कहा गया है। सरकारी रिकार्ड के अनुसार उनकी 225 दिन तक चली ट्रेनिंग पर प्रतिमाह 20280 रुपये खर्च हुए थे।