नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम बृहस्पतिवार को आ गए। भाजपा ने उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में शानदार प्रदर्शन किया और इन सभी जगहों पर बहुमत से सरकार बनाने जा रही है । वहीं पंजाब में आप की आंधी में सभी दल उड़ गए ।
उत्तर प्रदेश चुनाव परिणाम

उत्तर प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ फिर से सत्ता पर काबिज होने जा रही है। इस बार के चुनाव में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन सुधरा है । भाजपा गठबंधन ने 273 सीटों पर जीत हासिल करते हुए सत्ता पर फिर कब्जा कर लिया है। वहीं, सपा गठबंधन को सिर्फ 125 सीटों पर जीत मिली है। कांग्रेस यूपी में तीसरे नंबर की पार्टी बन गई है। वहीं बसपा ने एक विधानसभा सीट जीती है और अब चौथे नंबर की पार्टी बन गई है।
उत्तराखंड चुनाव परिणाम

उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में से 47 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के खाते में 19 सीटें गई हैं। बहुजन समाज पार्टी को दो सीटों पर जीत मिली हैं। साथ ही दो निर्दलीय भी जीते हैं। हालांकि यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी चुनाव हार गए हैं।
पंजाब चुनाव परिणाम

पंजाब में आप की ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। 117 सीटों की विधानसभा में आप ने 92 सीटें हासिल कर सत्ता पर कब्जा कर लिया है। यहां सभी दलों के दिग्गजों की करारी हार हुई। मुख्यमंत्री चन्नी हों, नवजोत सिंह सिद्धू हों या फिर कैप्टन अमरेंद्र सिंह हो, आप की आंधी में सभी उड़ गए।
गोवा और मणिपुर चुनाव परिणाम


गोवा और मणिपुर के चुनाव परिणामों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। गोवा के सभी 40 सीटों और मणिपुर के 60 सीटों के नतीजे आ गए हैं। दोनों ही राज्यों में कांग्रेस पिछड़ चुकी है। गोवा में भारतीय जनता पार्टी को 20 सीटों पर जीत हासिल हुई है और मणिपुर में भाजपा ने 32 सीटों पर जीत दर्ज की है। गोवा में तीन निर्दलीय के समर्थन मिलने के बाद भाजपा की सरकार बननी तय हैए तो मणिपुर में पूर्ण बहुमत मिला है।

