साहिबाबाद/ गाजियाबाद। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गारंटी कानून, गन्ना बकाया भुगतान, बिजली अमेंडमेंट बिल समेत तमाम मुद्दों पर यूपी गेट पर शुक्रवार को 11 बजे से किसानों की महापंचायत होगी। पश्चिमी यूपी, उत्तराखंड और पंजाब से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है। इसको ध्यान में रखते हुए दिल्ली सीमा में दोबारा पुलिस ने सीमेंटेड और लोहे के बैरिकेड लगाए हैं और सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
किसान नेता राकेश टिकैत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर जारी किया है। जिसमें एमएसपी के मुद्दे पर लड़ाई लड़ने का जिक्र किया गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि ‘जंग अभी जारी है…अब एमएसपी की बारी है’ नारे के साथ भाकियू के पदाधिकारी और सदस्यों से बॉर्डर पर पहुंचने की आह्वान किया है। महापंचायत में राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, गाजीपुर किसान आंदोलन कमेटी के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा, संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी व अन्य लोग मौजूद रहेंगे। पंचायत में 29 नवंबर को दिल्ली कूच कार्यक्रम की रणनीति तय करेंगे। जिलाध्यक्ष चौ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि महापंचायत में किसानों के पहुंचने पर उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत या परेशानी नहीं हो। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है।
पूर्व महापौर की राकेश टिकैत से अपील
भाजपा नेता और पूर्व महापौर अशु कुमार वर्मा ने किसान नेता राकेश टिकैत के नाम एक पत्र लिखा है। बृहस्पतिवार को वह किसानों से मिलने भी पहुंचे। वहां पत्र सौंपकर अपील की कि जिन तीन कृषि कानूनों के लिए आंदोलन चल रहा था उसे पीएम नरेंद्र मोदी ने वापस ले लिया है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी मुद्दों पर सरकार के साथ बैठकर बातचीत कर ली जाएगी। लेकिन कोई विदेशी ताकत आंतरिक मामलों में दखल दे यह उचित नहीं होगा। उन्होंने विदेशी सहायता न लेने की भी अपील की है।

