बिजनौर । घने कोहरे के चलते शुक्रवार देररात करीब दो बजे देहरादून-नैनीताल हाईवे पर क्रेटा कार की टक्कर से ऑटो थ्री व्हीलर में सवार सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से जख्मी है । घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है । पुलिस ने मृतक व्यक्तियों के शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है । पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, एसडीएम रितु रानी ने सामुदायिक अस्पताल में पहुंच मृतक के परिजनों शेष संपर्क कर सांत्वना दी ।
धामपुर थाना क्षेत्र के गांव तिवारी निवासी 65 वर्षीय खुर्शीद अंसारी अपने 25 वर्षीय पुत्र विशाल की बिहार से 22 वर्षीय खुशी से निकाह कर मुरादाबाद से ऑटो से घर लौट रहे थे। गांव के शहजादा प्रधान शमीम अहमद ने बताया कि जैसे ऑटो धामपुर थाना क्षेत्र में हाईवे 74 पर फायर स्टेशन के निकट पेट्रोल पंप के पास पहुंचा । तो तभी इस दौरान पीछे से तेज गति से आ रही क्रेटा कार ने ऑटो को टक्कर मार दी । ऑटो भीषण टक्कर के बाद सामने खड़े बिजली के खंबे से टकरा गया । जिसके वजह से ऑटो में सवार सातों लोगों की मौके पर मौत हो गई। बताया गया कि हादसा तब हुआ जब क्रेटा कार चालक घने कोहरे के चलते ओवरटेक कर रहा था।
इन लोगों की हुई सड़क हादसे में मौत
गांव के प्रधान शमीम अहमद ने बताया कि मृतकों में 65 वर्षीय खुर्शीद पुत्र सददीक, खुर्शीद का 25 वर्षीय पुत्र विशाल और खुर्शीद की 22 वर्षीय पुत्रवधू खुशी, इसके अलावा ऑटो में हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव खारी निवासी मृतक खुर्शीद के 32 वर्ष के साढू मुमताज, 28 वर्षीय साली रूबी पत्नी मुमताज, 11 वर्षीय बुशरा पुत्र मुमताज, जिला मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र के गांव कासमपुर निवासी 45 वर्षीय ऑटो चालक अजब सिंह पुत्र धर्मपाल सिंह शामिल थे । इन सभी की सड़क हादसे में मौत हुई है। बताया गया कि सड़क दुर्घटना का आरोपी कार चालक शेरकोट के कोटरा मोहल्ला निवासी अमन पुत्र इमरान एवं सुहेल पुत्र हबीब अली शामिल हैं। दोनों घायलों का नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद सामुदायिक अस्पताल पहुंचे। वहां पर मृतक के परिजनों से संपर्क कर उन्हें सांत्वना दी ।उन्होंने बताया कि दुर्घटना की आरोपी की कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

