मेरठ में बड़ा हादसा, 22 लोगों को लेकर जा रही नाव गंगा में पलटी, राहत कार्य तेज

Major accident in Meerut

मेरठ। हस्तिनापुर के भीमकुंड गंगा घाट पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे 22 लोगों का लेकर जा रही नाव पिलर से टकरा कर पलट गई। जिसमें सभी लोग डूब गए। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन लोगों को बचा लिया गया। अभी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस और एनडीआरएफ की टीम लगी हुई है। वहीं मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।

बताया गया कि करीब दो दर्जन लोग नाव से गंगा पार कर रहे थे, इसी दौरान नाव नदी में बने पिलर से टकरा कर पलट गई। नाव के गंगा में डूबते ही हाहाकार मच गया। वहीं आनन.फानन कुछ लोगों को बचा लिया गया, लेकिन कई लोग अभी लापता है। मामले की जानकारी मिलते ही उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच गए। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ नाव हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद सभी अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, साथ ही जिलाधिकारी, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एनडीआरएफ की टीम को मौके पर जाकर राहत कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवान, एसडीएम अखिलेश यादव, तहसीलदार आकांक्षा जोशी साहित दर्जनों अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। उधर, बिजनौर की ओर मुरादाबाद से गोताखोर बुलाए गए हैं। एसडीएम चांदपुर और सीओ चांदपुर भी मौके पर मौजूद हैं। अधिकारी राहत.बचाव कार्य शुरू कराने का प्रयास कर रहे हैं।

राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं पूर्व विधायक योगेश वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित लोगों से पूछताछ की। हस्तिनापुर क्षेत्र के भीमकुंड गंगा घाट पर पुल की एप्रोच रोड टूटने से गंगा में अवैध नाव संचालन किया जा रहा था। मंगलवार सुबह करीब दो दर्जन लोगों और एक दर्जन मोटरसाइकिल से भरी नाव बीच गंगा की धारा में पहुंची तो नाव का बैलेंस बिगड़ गया। इस दौरान नाव गंगा की धारा में समा गई।

advertisement at ghamasaana