सहारनपुर l बेहट के मनमजरा गांव में अंश (12) पुत्र मोहनलाल व यश (8) पुत्र नवीन की अमृत सरोवर में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे नहाने के लिए गोगा म्हाड़ी के पास स्थित तालाब पर गए थे और अधिक गहराई में जाने से डूब गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मनमजरा के बच्चे इश्हाकपुर चेंची संपर्क सड़क मार्ग पर गोगा म्हाड़ी के सामने स्थित अमृत सरोवर तालाब पर नहाने गए थे। इस तालाब में रजबाहे का पानी भरने से जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है। पानी ज्यादा देखकर बाकी बच्चे तो वापस लौट गए, जबकि अंश व यश नहाने के लिए तालाब में घुस गए और गहराई में जाने से डूब गए।
आसपास के लोगों दौड़कर तालाब के किनारे पहुंचे, लेकिन दोनों पानी में दिखाई नहीं दिए। सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव के कुछ युवक तैरना जानते थे। उन्होंने तालाब में घुसकर दोनों के शव पानी से बाहर निकाले। परिजनों ने कानूनी प्रक्रिया के बिना ही शवों का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक अंश मोहनलाल की इकलौती संतान थी। थोड़ी से खेतीबाड़ी व मजदूरी करके वह बेटे की परवरिश कर रहा था। अंश पास के गांव इश्हाकपुर चेंची के स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में पढ़ता था और कक्षा पांच का छात्र था। यश चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता नवीन मजदूरी करते है।

