सहारनपुर में बड़ा हादसा, कक्षा नौ के छात्र सहित दो की मौत

सहारनपुर। जिले में एक बार फिर हादसों ने दो जिंदगियां छीन ली। पहला हादसा सरसावा में हुआ। यहां दो बाइकों की टक्कर में बाइक सवार कक्षा नौ के छात्र की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक सवार मामूली रुप से घायल हुआ। दूसरा हादसा नागल में हुआ जहां बिजली कर्मचारी की मौत हो गई।

सरसावा में अंबाला रोड निवासी प्रिंस 16 पुत्र भूपेंद्र बुधवार की सुबह साढ़े नौ बजे दूध लेकर बाइक से विविध नगर कालोनी जा रहा था। जैसे ही वह वर्द्धमान कालोनी में पहुंचा तो गली में उसकी बाइक सवार नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डन दिनेश गुप्ता से टक्कर हो गई। हादसे में दोनो घायल हो गए।

आस पास मौजूद लोगों ने दोनों को सीएचसी सरसावा भर्ती कराया। प्रिंस के सिर में चोट लगी थी तथा नाक से खून बह रहा था। जहां चिकित्सकों ने प्रिंस को मृत घो​षित कर ​दिया। जबकि दिनेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। प्रिंस की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

प्रिंस नगर के डीसीजैन इंटर कालेज में कक्षा नौ का छात्र था। सरसावा सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा​धिकारी डा राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक का मामला लग रहा है। क्योंकि दुर्घटना में छात्र को इतनी गंभीर चोट नहीं लगी थी जिससे की उसकी मौत हो जाती। संभवत दुर्घटना के बाद अचानक बीपी बढ़ने पर प्रिंस को हार्ट अटैक आया होगा। उधर ​सरसावा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरा हादसा नागल में हुआ। मंगलवार रात कैलाशपुर बिजली घर से ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे एक कर्मचारी की लखनौर पुल पर बने कट के निकट किसी अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई।

नागल थाना क्षेत्र के गांव सुभरी ख्वाजा निवासी 34 वर्षीय संदीप उर्फ टिंकू पुत्र धर्मपाल बिजली विभाग में कैलाशपुर बिजली घर पर सब स्टेशन ऑपरेटर के रूप में तैनात था रात करीब 11:30 बजे वह ड्यूटी खत्म कर अपने गांव लौट रहा था। लाखनौर पुल से पूर्व जब वह अपनी बाइक सर्विस रोड पर लाने लगा तभी अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक अपने पीछे पत्नी वह तीन छोटे-छोटे बेटे छोड़कर गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह का कहना है कि परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध तहरीर दी है मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है

advertisement at ghamasaana