बिजनौर। एक और बड़ा ट्रेन हादसा हो गया। फिरोजपुर से धनबाद जा रही किसान एक्सप्रेस स्योहारा में रायपुर रेलवे फाटक के पास दो धड़ों में बंट गई । ट्रेन में गार्ड के कोच सहित कुल 21 कोच थे । आठ कोच टूटकर पावर के साथ स्योहारा रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए । बाकी रायपुर के पास रुक गए । चालक को इसका पता नहीं चला। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और रेल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे । किसी तरह रायपुर फाटक के पास रुके सभी डिब्बों को खींचकर स्योहारा रेलवे स्टेशन पर ले जाया गया। दोनों हिस्सों को जोड़ने के बाद करीब चार घंटे के बाद 7.40 पर ट्रेन को मुरादाबाद ले जाया गया।

रविवार को रेल विभाग के अधिकारियों में उस समय हड़कंप मच गया । जब सुबह फिरोजपुर से धनबाद जा रही किसान एक्सप्रेस ट्रेन स्योहारा और धामपुर के बीच कपलिंग टूटने से दो धड़ों में बंट गई। धामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्ेन सुबह 3.36 पहुंची थी । 3.45 बजे जैसे ही ट्रेन सरकड़ा चक्रजमल रेलवे स्टेशन से निकल रायपुर रेलवे फाटक के पास पहुंची तो अचानक तकनीकी कारणों से ट्रेन दो धड़ों में बंट गई ।

ट्रेन में कुल गार्ड सहित 21 कोच शामिल थे। इनमें से आठ डिब्बे टूटकर पावर के साथ रेलवे स्टेशन स्योहारा पहुंच गए। बाकी रायपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर कुछ दूर चलने के बाद खड़े हो गए । जैसे ही गाड़ी के डिब्बे रुके तो ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। गार्ड ने घटना से रेल अधिकारियों को अवगत कराया। जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी धर्म सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सरवम कुमार, धामपुर कोतवाल किशन अवतार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। किसी तरह से रायपुर के पास खड़े इन डिब्बों को पावर से स्योहारा रेलवे स्टेशन पर पहुंचाया गया ।

ट्रेन में सबसे अधिक यात्री पुलिस परीक्षा भर्ती के दौरान परीक्षा देने जा रहे थे। रायपुर रेलवे फाटक पर प्रशासन ने रोडवेज की करीब पांच बसों को लगाकर उन्हें गंतव्य के लिए रवाना किया गया। जबकि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहायक प्रबंधक पीएल पथरिया का कहना है कि आठ बसों के माध्यम से अभ्यर्थियों को गंतव्य तक पहुंचाया गया है।

किसान एक्सप्रेस ट्रेन के दो धड़ों में बंट जाने के कारण कई एक्सप्रेस और रन थ्रू गाड़ियां बुरी तरह प्रभावित हुई । पंजाब मेल धामपुर रेलवे स्टेशन पर करीब दो घंटे खड़ी रही । जननायक एक्सप्रेस जिसका स्टॉपेज धामपुर में नहीं है । यह ट्रेन नजीबाबाद से चलकर मुरादाबाद जाकर रुकती है । इसे धामपुर रेलवे स्टेशन से पीछे रोक दिया गया । एस. 3 व एस .4 डिब्बे के बीच कपलिंग टूटने से ट्रेन दो हिस्सों में बंटी। शंटिंग के बाद दोनों हिस्सों को जोड़ 7.38 बजे मुरादाबाद को रवाना किया गया।

पुलिस परीक्षा देने जा रहे अभ्यार्थियों ने जमकर हंगामा किया। ट्रेन में करीब 500 से अधिक अभ्यर्थी सवार थे। हंगामा के बाद अधिकांश अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों से मुरादाबाद व बरेली आदि स्थानों पर भेजने की व्यवस्था की गई। इसके बाद भी बचे अभ्यर्थियों को स्योहारा में अमृतसर .हावड़ा व दरभंगा को रोककर भिजवाया गया।
.यात्रियों ने समझा किसी ने चेन पुलिंग कर दी
कंट्रोल द्वारा सूचना मिलने पर मुरादाबाद से आई टीएक्सआर टीम ने मोर्चा संभाला। एस .4 कोच को अलग कर बाकि ट्रेन के डिब्बों को जोड़कर लगभग चार घंटे बाद सुरक्षित 7.38 बजे मुरादाबाद को रवाना किया गया।

