शामली। कैराना में चल रही अवैध पटाखा फैक्टरी में शुक्रवार शाम करीब चार बजे भीषण विस्फोट हो गया। जिससे पूरी फैक्टरी जमीदोंज हो गई। मलबे में दबने से चार मजूदरों की मौत हो गई। जबकि छह घायल हैं, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की हालत नाजुक है।

कैराना के मोहल्ला आलकला निवासी इकबाल की आचार की फैक्टरी कई वर्षों से बंद पड़ी थी। बताया गया कि उसने करीब डेढ़ माह पूर्व ही राशिद नाम के व्यक्ति को फैक्टरी किराए पर दी थी। फैक्टरी में अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम चल रहा था।

शुक्रवार शाम करीब चार बजे फैक्टरी में जबरदस्त विस्फोट हुआ। जिससे पूरी फैक्टरी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। धमाके की आवाज से दूरदराज तक के लोग भी दहल गए। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस भी पहुंच गई। मलबे से चार शव निकाले गए। जबकि छह मजदूर घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

