Meerut news : पहले प्रेमिका को मार डाला, फिर शव से लिपटकर रोया और खुद को मार ली गोली

meerut crime news

मेरठ। प्रेमी ने पहले प्रेमिका की दो गोली मारकर हत्या कर दी। उसके बाद काफी देर तक उसकी लाश से लिपटकर रोता रहा। इसके बाद अपनी कनपटी पर गोली मारकर अपनी भी जीवनलीला समाप्त कर ली।

यह सनसनीखेज घटना मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के दुर्वेशपुर गांव की है। यहां के निवासी धीर सिंह की पत्नी मिथलेश 44 मजदूरी करती थी। धीर सिंह और मिथलेश की दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। सीओ सदर पूनम सिंरोही ने बताया कि मिथलेश की गांव के ही निवासी किरणपाल के साथ जान पहचान हो गई। इसके बाद दोनों में प्रेम संबंध हो गए। किरणपाल ठेकेदारी करता है और उसके भी चार बच्चे हैं। यह बात मिथलेश के परिवार वालों को पता चली और उन लोगों ने कई बार मिथलेश को समझााने की कोशिश की, लेकिन मिथलेश नहीं मानी। परिवार वाले भी बदनामी के डर से चुप हो गए।

बताया जा रहा है कि मिथलेश शुक्रवार सुबह कूड़ा डालने के लिए घर से बाहर निकली थी। इस बीच उसका प्रेमी किरणपाल वहां तमंचा लेकर पहुंच गया। उसने कहा कि मिथलेश तू मेरी नहीं हो सकी तो मैं तुझे किसी और की नहीं होने दूंगा। इसके बाद उसने मिथलेश को दो गोलियां मारीं, जिससे मिथलेश जमीन पर गिरकर तड़पने लगी और किरणपाल उससे लिपटकर रोने लगा।

थोड़ी देर बाद किरणपाल ने तमंचे से अपनी कनपटी पर गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके थोड़ी देर बाद ही मिथलेश की भी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात केशव कुमार और सीओ सदर देहात पूनम सिरोही के अलावा परीक्षितगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

advertisement at ghamasaana