देवबंद में बदमाशों ने डाला डाका, 28 तोला सोने के आभूषण, लाखों की नकदी ले गए

सहारनपुर। देवबंद क्षेत्र के तिघरी गांव में सऊदी अरब से लौटे व्यक्ति के घर में रात को घुस नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को गनप्वाइंट पर लेकर लाखों रुपये की डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर में रखे करीब 28 तौला सोने के आभूषण व लाखों रुपये की नकदी लूट कर फरार हो गए। पीड़ित फिरोज ने बताया बदमाशों की संख्या पांच थी और सभी हथियारों से लैस थे।

वह छत के रास्ते घर में घुसे और कमरे में सो रहे पिता जान आलम को उठाया। जिसके बाद पिता को गनप्वाइंट पर लेकर उसे और मां को आवाज दिलाई। फिरोज के मुताबिक जब वह कमरे से बाहर निकला तो बदमाशों ने उसे भी गनप्वाइंट पर ले लिया और सभी को बंधक बनाते हुए अलमारी में रखे करीब 28 तौला सोने के आभूषण, 3 लाख 80 हजार रुपये की नकदी व करीब 22 हजार सऊदी रियाल सहित अन्य कीमती सामान लूट लिया।

बताया कि तीन बदमाश छत पर पहरा दे रहे थे। जबकि दो बदमाश अंदर घर में घुसे हुए थे। लूट करने के बाद वह जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बाद में पुलिस को सूचना दी गई। डकैती की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की बाबत जानकारी ली। साथ ही जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया। फिरोज ने घटना की तहरीर दी है। वहीं इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। कई टीमों को काम पर लगाया गया है। बताया कि पीड़ित ने कुछ लोगों पर शक भी जाहिर किया है। पुलिस सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

वारदात को छुपाना चाह रही पुलिस
तिघरी गांव में हुई डकैती की वारदात को पुलिस दबाने के प्रयास में लगी हुई है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने पीड़ित परिवार को वारदात के बारे में किसी को बताने से मना किया है। साथ ही आश्वासन दिया था कि जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।

कुछ दिन पहले ही सऊदी अरब से लौटा है पीड़ित
देवबंद। डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों को पता था कि घर में लाखों की नकदी और सोने के आभूषण रखे हैं। क्योंकि पीड़ित फिरोज कुछ दिन पहले ही सऊदी अरब से लौटा है और अधिकांश लोगों को इस बारे में पता भी है।

advertisement at ghamasaana