मुजफ्फरनगर | उत्तर प्रदेश में माफिया और अपराध के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के तहत STF को बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्तार-जीवा गैंग का कुख्यात शार्प शूटर और 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित शाहरुख पठान को सोमवार सुबह STF ने एनकाउंटर में मार गिराया।
यूपी STF को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्तार-जीवा गैंग का शार्प शूटर शाहरुख पठान मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाना क्षेत्र स्थित रोहाना मार्ग पर मौजूद है। इनपुट मिलते ही STF की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख शाहरुख ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। STF ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही ढेर कर दिया। एनकाउंटर के बाद STF ने शाहरुख के पास से इटली निर्मित विरेजा पिस्टल, एक देसी पिस्टल, एक रिवॉल्वर और मारुति ब्रेजा कार बरामद की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक शाहरुख पठान मुजफ्फरनगर के खालापार मोहल्ला निवासी था और मुख्तार अंसारी से जुड़े संजीव जीवा गैंग का सक्रिय सदस्य था। उस पर हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे 12 से अधिक संगीन मामले दर्ज थे। 2015 में जेल से पेशी के दौरान फरार होने के बाद उसने आसिफ नामक व्यक्ति की हत्या की थी। इसके बाद 2017 में आसिफ के पिता को भी गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब उन्होंने केस वापस लेने से इनकार किया। इसके अलावा शाहरुख हरिद्वार में भी एक व्यक्ति की हत्या के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस के अनुसार, वह सुपारी लेकर हत्याएं करता था।
STF अधिकारियों का कहना है कि शाहरुख की मौत के बाद अब मुख्तार-जीवा गैंग के अन्य सक्रिय सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। गिरोह की गतिविधियों पर कड़ा शिकंजा कसने के लिए छापेमारी और खुफिया निगरानी तेज कर दी गई है।एनकाउंटर के बाद रोहाना मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। STF और स्थानीय पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है ताकि गैंग के अन्य फरार अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

