नैनीताल। पिथौरागढ़ जिले की इंजीनियर मुस्कान शर्मा ने अपने शोध को यूएसए में पेटेंट करा देश और राज्य का नाम रोशन किया है। यह पावर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भावी पीढ़ी को एक नई दिशा देने में सहयोगी का काम करेगा।
अमेरिका स्थित कैलिफोर्निया प्रांत के लॉस एंजेल्स (एलए) की एक पावर इलेक्ट्रिक कंपनी में सीनियर डिजाइन इंजीनियर मुस्कान ने डायरेक्टर ऑफ यूनाइटेड स्टेट्स पेटेंट एंड ट्रेडमार्क ऑफिस (यूएसपीटीओ, यूएसए) से अपने शोध कार्य क्रिएटिव आइडिया टू इंप्रूव परफॉरमेंस फॉर पावर इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को पेटेंट कराया है।
मुस्कान का कहना है कि पेटेंट का उद्देश्य भावी पीढ़ी की आवश्यकता के अनुरूप कार्य प्रणाली को सुदृढ़ करना है। मुस्कान शर्मा मूल रूप से नया बाजार पिथौरागढ़ की निवासी हैं। पिथौरागढ़ से आरंभिक शिक्षा ग्रहण करने के बाद मुस्कान ने भारत में कई जगह शिक्षा पाई। इसके बाद यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में मास्टर्स डिग्री पूरी की। उनके पिता डॉ. जीके शर्मा पिथौरागढ़ के जाने-माने नेत्र शल्यक (आई सर्जन) हैं।
उनकी मां डॉ. आभा शर्मा बनबसा राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्या हैं। मुस्कान की छोटी बहन महक शर्मा यूनीलीवर कंपनी नवी मुंबई में कानूनी अधिकारी हैं। मुस्कान की उपलब्धि पर बनबसा और पिथौरागढ़ के लोगों में खुशी है। मुस्कान की मां डॉ. आभा ने बताया कि उनकी पुत्री के कुछ और पेटेंट भी यूएस में ही स्वीकृत होने वाले हैं।

