हरिद्वार। भगवानपुर के एक गांव में नैनीताल के एक प्रेमी युगल ने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शवों को फंदे से नीचे उतारा। साथ ही घटना की सूचना दोनों के परिजनों को दी। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिए।
पुलिस के अनुसार नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर की रहने वाली 21 वर्षीय एक युवती अपनी बड़ी बहन के साथ पिछले डेढ़ माह से सिसौना गांव में किराए पर कमरा लेकर रह रही थी। वह एक फैक्टरी में नौकरी कर रही थी। बुधवार को उसकी बड़ी बहन ड्यूटी पर गई थी। जबकि वह कमरे पर अकेली थी। शाम के समय आसपास के लोगों ने कमरे में अनहोनी की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी ली।
पुलिस ने आवाज लगाकर कमरा खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। पुलिस कमरे के अंदर गई तो युवती और एक युवक के शव चुन्नी के सहारे लटके हुए थे। पुलिस ने शवों को नीचे उतारा और घटना की सूचना मृतक युवती की बहन को दी।
सूचना मिलते ही उसकी बहन कमरे पर पहुंची और फफक कर रो पड़ी। वहीं, बताया जा रहा है कि युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक भी मूलरूप से नैनीताल जिले का रहने वाला है। पुलिस ने युवती और युवक के परिजनों को सूचना दी। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिए हैं। मामले में जांच की जा रही है। तहरीर आने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।

