जिला उप अस्पताल विकासनगर के टायलेट में मिली नवजात बच्ची

vikasnagar news
1 0

विकासनगर। जिला उप अस्पताल विकासनगर में प्रसव के लिए पहुंची महिला नवजात बच्ची को टायलेट में छोड़कर चली गई। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले को लोक लाज से जोड़कर देखा जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को भी दे दी है। पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे एक 23 वर्षीय महिला प्रसव के लिए जिला उप अस्पताल विकासनगर पहुंची। उसके साथ एक पुरुष भी था। बताया जा रहा है कि पुरूष पर्चा बनाने लगा। जिसमें उसने महिला का नाम प्रीति और उम्र 23 साल लिखवाया। इस बीच महिला टायलेट गई। जहां उसने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद महिला पुरूष के साथ बच्ची को टायलेट में ही छोड़कर अस्पताल से बिना किसी को जानकारी दिए चोरी छिपे चले गए।

सफाई कर्मचारी ममता ने टायलेट में नवजात बच्ची को देखा। वह बच्ची को उठाकर डिलिवरी रूम में ले आईं। ड्यूटी पर तैनात डॉ. मंजू राणा ने बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए उसे ड्रिप चढ़ाई। जानकारी मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंच गए। बच्ची की हालत नाजुक होने पर उसे सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से हायर सेंटर इलाज के लिए भेज दिया गया।

प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विजय सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को हायर सेंटर इलाज के ‌लिए भेज दिया गया है। उधर, कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद से बच्चे के परिजनों का पता करने की कोशिश की जा रही है।

advertisement at ghamasaana