उत्तराखंड में उद्योगों के लिए 20 दिनों में मिलेगी एनओसी

uttrakhand

नैनीताल। राज्य के सैनिक कल्याण, औद्योगिक विकास एवं खादी ग्रामोद्योग मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उद्योग लगाने के लिए प्रदेश में सिंगल विंडो स्थापित किया गया है। अब 20 दिनों में उद्योगों को एनओसी मिल जाएगी।

सिडकुल में महिलाओं और सैनिकों के लिए पांच-पांच फीसदी की छूट मिलेगी। हल्द्वानी के सर्किट हाउस में अधिकारियों की बैठक में मंत्री कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 20 हजार लोगों को 50 हजार रुपये तक का ऋण मिलेगा। इसमें 20 हजार की सब्सिडी दी जाएगी। उन्होंने औद्योगिक आस्थानों में खाली प्लाटों को जल्द उद्यमियों को आवंटित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने एक जिला एक उत्पाद के तहत नैनीताल जिले में ऐपण और कैंडल क्राफ्ट को बढ़ावा देने की बात कहते हुए इसमें अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की सलाह दी। डीएम धीराज सिंह गर्व्याल ने महिला समूहों की ओर से निर्मित उत्पादों के विपणन के लिए जिला उद्योग केंद्र परिसर में छह दुकानों के निर्माण के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक उद्योग विपिन कुमार ने कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी। लगभग 150 करोड़ का ऋण वितरण करने पर मंत्री ने नैनीताल जिला सहकारी बैंक के प्रबंधक प्रकाश चंद्र दुमका को सम्मानित किया।

advertisement at ghamasaana