शामली। पिज्जा की दुकान पर लगे एक कंपनी क्यूआर कोड के ऊपर ठग ने अपने खाते का क्यूआर कोड चिपका कर हजारों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मोहल्ला आलकलां निवासी महिला शबनम ने तहरीर देकर बताया कि उसके पति इमरान की घर के बाहर ही पिज्जा-बर्गर की दुकान है। दुकान पर ऑनलाइन पेमेंट के लिए एक कंपनी का क्यूआर कोड लगा हुआ था। पिज्जा-बर्गर तैयार करने के लिए मकान की ऊपरी मंजिल पर किचन बना हुआ है। जब ग्राहक दुकान पर आते हैं, तो उसका पति सामान लेने के लिए किचन में आता-जाता रहता है और दुकान खुली रहती है। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी दुकान में लगे कंपनी के क्यूआर कोड पर अपने खाते का क्यूआर कोड चिपका दिया।
काफी दिनों से उस व्यक्ति के खाते में पिज्जा बर्गर की बिक्री का पैसा जाता रहा। सात फरवरी को एक ग्राहक रकम डाल रहा था। तब ग्राहक ने मालूम किया कि यह आईडी आरिफ के नाम से है। उसके पति ने जांच की तो कपंनी के कोड के ऊपर दूसरा क्यूआर कोड चिपका हुआ मिला। आरोपी ने उनसे हजारों रुपये की रकम ठग ली। वहीं पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर साइबर सेल को भेजते हुए मामले में कार्रवाई शुरू कर दी।

