कराची। चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज बुधवार, 19 फरवरी से हो रहा है। पहले मुकाबले में मेजबान पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से होगा। यह रोमांचक मुकाबला कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में खेला जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत इसी मैच से हो रही है, इसलिए दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की निगाहें इस मुकाबले पर टिकी होंगी। ऐसे में यह जानना जरूरी हो जाता है कि कराची की पिच और मौसम का मिजाज कैसा रहेगा।
कराची की पिच पर बनेंगे बड़े स्कोर
कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है और इसे बल्लेबाजों का स्वर्ग कहा जाता है। यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को बड़ा स्कोर बनाने का मौका मिलता है। इस मैदान पर अब तक खेले गए 78 वनडे मैचों में से पहली पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को 36 बार जीत मिली है, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 39 बार जीत दर्ज की है। हालांकि, दूसरी पारी में स्पिनर्स को विकेट से थोड़ी मदद मिल सकती है। इस मैदान पर अब तक का सबसे बड़ा वनडे स्कोर एशिया कप 2008 में भारत ने हांगकांग के खिलाफ बनाया था, जब टीम इंडिया ने 374 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था।
मौसम का मिजाज रहेगा खेल के अनुकूल
कराची में दिन के समय हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन मौसम क्रिकेट के लिहाज से अनुकूल रहेगा। ह्यूमिडिटी 54% रहने की उम्मीद है और बारिश की संभावना सिर्फ 10% है। हवा की गति 21 किमी/घंटा रहेगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा। कुल मिलाकर, यह मैच बल्लेबाजों के लिए शानदार साबित हो सकता है, जहां दर्शकों को रनों की बरसात देखने को मिल सकती है।

