नई दिल्ली। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार बढ़ोतरी शुरू हो गई। आज भी पेट्रोल की कीमत में 50 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 55 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस तरह पिछले चार से पांच दिनों में करीब चार रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है। दिल्ली के फ्यूल टेलर्स के नोटिफिकेशन के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल की कीमत अब 98.61 रुपये प्रति लीटर के मुकाबले 99.11 रुपये प्रति लीटर होगी, जबकि डीजल की कीमत 89.87 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 90.42 रुपये हो गई है।
मुंबई में पेट्रोल के दाम 53 पैसे बढ़कर 113.88 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। वहीं डीजल 58 पैसे बढ़कर 98.13 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में 52 पैसे की बढ़ोतरी हुई है और प्रति लीटर पेट्रोल 108.53 रुपये हो गया है। यहां पर डीजल की कीमतें 56 पैसे की वृद्धि के साथ 93.57 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 57 पैसे बढ़कर 105 और डीजल की कीमत 63 पैसे बढ़कर 95.10 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
चार नवंबर, 2021 से ही पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें स्थिर बनी हुई थीं। हालांकि, इस अवधि में कच्चे तेल की कीमत 30 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गई थी। विधानसभा चुनाव के 10 मार्च को नतीजे आने के साथ ही पेट्रोल एवं डीजल के दाम में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन पेट्रोलियम कंपनियों ने कुछ दिन और इंतजार किया। ऐसा कहा जा रहा है कि अब पेट्रोलियम विपणन कंपनियां अपने घाटे की भरपाई कर रही हैं। भारत अपनी तेल की जरूरत पूरी करने के लिए आयात पर 85 फीसदी निर्भर है।

