सहारनपुर में श्रद्धालुओं की डीसीएम पलटी, सात घायल

saharanpur accident

सहारनपुर। शाकंभरी देवी बच्चे का मुंडन संस्कार कराने के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की डीसीएम संसारपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। हादसे में सात महिलाएं गंभीर रुप से घायल हुई है, जिन्हें बेहट सीएचसी से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।

हादसा बुधवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे कलसिया-छुटमलपुर रोड पर गांव संसारपुर में बिजलीघर के पास हुआ। जनता रोड स्थित थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव चकहरेटी निवासी सुमित अपने लड़के अक्षित उर्फ लड्डू (2) का मुंडन संस्कार कराने के लिए परिवार के लोगों के साथ शाकंभरी देवी जा रहा था। डीसीएम के चालक उमेश निवासी पुष्पांजलि विहार सहारनपुर ने बताया, कि उसके पास बैठे अक्षित ने स्टेयरिंग घुमा दिया। इससे वह अपना नियंत्रण खो बैठा और डीसीएम अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई।

हादसे में शालू (25), नीलम (30), प्रीति (50), सोनम (31), गुड़िया (31), वर्षा (29) व काव्या (5) घायल हो गए। सभी घायलों को 112 पर कॉल करने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पीआरवी की गाड़ी ने बेहट सीएचसी पहुंचाया। यहां से हालत गंभीर होने के चलते सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।

advertisement at ghamasaana