लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार की आधी रात एक बार फिर काशीवासियों को चौंका दिया। रात बारह बजे तक क्रूज पर ही भाजपा शासित मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करने के बाद गोदौलिया चौराहा पहुंच गए।
वहां कुछ देर पैदल टहलने के बाद विश्वनाथ मंदिर पहुंच गए। वहां कुछ देर रहने के बाद बनारस रेलवे स्टेशन भी देखने पहुंचे।पीएम मोदी ने रात आठ बजे से रात 12 बजे तक क्रूज पर भाजपा नेताओं और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक की। इसके बाद गोदौलिया के लिए रवाना हुए। गोदौलिया बनारस की वही जगह है जहां की सूरत सबसे पहले बदली गई है।
गोदौलिया से दशाश्वमेध तक की सड़क को गुलाबी पत्थरों से बेहद आकर्षक रूप दे दिया गया है। सड़क के दोनों तरफ की इमारतों को गुलाबी रंग में रंग दिया गया है। यही वजह है कि कुछ लोग इसे गुलाबी स्ट्रीट तो कुछ लंदन स्ट्रीट भी कहने लगे हैं।

