![army](https://www.ghamasaana.com/wp-content/uploads/2021/09/army-678x381.jpg)
नैनीताल। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत में केआरसी की यूनिट हेडक्वार्टर में मंगलवार से भर्ती रैली शुरू हो रही है। पहले दिन सैनिक जीडी के पदों के लिए कुमाऊं के तीन जिलों के सैन्य परिवारों से जुड़े युवक किस्मत आजमाएंगे। भर्ती की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
दूरदराज के क्षेत्रों से युवक भी भर्ती के लिए यहां पहुंचने लगे हैं। युवकों के लिए प्रशासन की ओर से यहां रंगोली हाल में रहने और खाने की व्यवस्था की गई है। अधिकांश होटलों में बुकिंग भी पूरी हो चुकी है। मंगलवार को सैनिक जीडी (कुमाऊंनी, गढ़वाली, गोरखा) के पदों के लिए पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों के सैन्य आश्रित परिवारों से जुड़े युवा भाग लेंगे।
मंगलवार को ही सैनिक ट्रेड्समैन पदों पर भी भर्ती होगी। 22 सितंबर को भी अल्मोड़ा, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल सहित शेष उत्तराखंड के सैन्य आश्रितों के लिए सैनिक जीडी (कुमाऊंनी, गढ़वाली, गोरखा) की भर्ती का आयोजन किया जाएगा। सभी राज्यों और जातियों के युवाओं के लिए सैनिक ट्रेड्समैन, म्यूजीशियन की भी भर्ती होगी। भर्ती के लिए काफी संख्या में युवा रानीखेत पहुंचे हैं। प्रशासन की तरफ से न्यूनतम दरों पर छावनी परिषद के रंगोली बारात में भी व्यवस्था की गई है।