राजनाथ सिंह बोले पाकिस्तान नहीं माना तो फिर से होगी एयर स्ट्राइक

नई दिल्ली। चीन सीमा से सटे पिथौरागढ़ पहुंचे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पाकिस्तान व चीन को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, पाकिस्तान आतंकवाद के जरिये भारत को परेशान करना छोड़ दें, वरना सीमा पार घुसकर उसे पहले की तरह करारा जवाब दिया जाएगा। भारत के पास सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर एयर स्ट्राइक तक के विकल्प हैं। उन्होंने चीन का बगैर नाम लिए कहा, अगर कोई हमारी एक इंच जमीन पर भी कब्जा करने की कोशिश करेगा, तो मुंहतोड़ जवाब देंगे।

रक्षामंत्री सिंह ने पूर्व सैनिकों को संबोधित करते हुए कहा, हम पड़ोसियों से अच्छे रिश्ते चाहते हैं। लेकिन पाकिस्तान हमेशा आतंकी गतिविधियों में सक्रिय है।भारत का अपना इतिहास और संस्कृति है, हम किसी देश पर पहले आक्रमण नहीं करते। न आगे करेंगे, लेकिन हमारी एक इंच जमीन पर भी कोई कब्जा करने की कोशिश करेगा तो हम चुप नहीं बैठेंगे।

पाकिस्तान आतंक के जरिये भारत को कमजोर करने की कोशिश करता है। हमने उसे कड़ा संदेश दे दिया है। कोई भारत को कमजोर समझने की भूल न करे। कुछ पड़ोसी इस बात को समझना नहीं चाहते। रेजांग ला की चर्चा करते हुए कहा, 1962 के युद्ध में कुमाऊं बटालियन के 124 जवानों ने वहां अदम्य वीरता प्रदर्शित की हमारे 114 जवान शहीद हुए, लेकिन 1200 चीनी सैनिक मारे गए थे।

advertisement at ghamasaana