भाकियू में बगावत, गठवाला खाप चौधरी के संरक्षण में नई कार्यकारिणी घोषित

Rebellion in Bhakiyu

मुजफ्फरनगर। भाकियू की अंदरुनी तकरार के बाद आखिरकार एक गुट ने राजेश चौहान को राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित कर दिया है। दिवंगत किसान मसीहा महेंद्र सिंह टिकैत की 11वीं पुण्यतिथि पर लखनऊ में यह एलान किया गया। गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह मलिक को संरक्षक बनाया गया है।

चौधरी राकेश टिकैत के बेहद करीबी माने जाने वाले धर्मेंद्र मलिक को राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया गया है। बुलंदशहर के मांगेराम त्यागी को उपाध्यक्ष, अलीगढ़ के अनिल तालान को राष्ट्रीय महासचिव, कोषाध्यक्ष बिंदु कुमार को बनाया गया। प्रदेश अध्यक्ष हरिनाम सिंह वर्मा, दिगंबर सिंह को युवा विंग के अध्यक्ष, राजवीर सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

उधर, राकेश टिकैत ने कहा कि कई लोगों को छोटे.छोटे गांवों से निकालकर बीकेयू में 30 साल से बड़े.बड़े पदों पर बैठाया। संयुक्त मोर्चा में भी 550 किसान संगठन है। करनाल में बीकेयू की 18 मई को कार्यकारिणी की बैठक होगी, तभी अहम फैसले लिए जाएंगे। हमारे ऊपर कोई राजनीतिक दबाव नहीं है। उन लोगों ने दबाव में अपना दूसरा संगठन बनाया है। हमने उन्हें सुबह भी मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने।

भाकियू ने बागी पदाधिकारियों को गलत नीति और भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए बर्खास्त कर दिया है। राष्ट्रीय महासचिव चौधरी युद्धवीर सिंह ने निष्कासन पत्र जारी किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान, राष्ट्रीय महासचिव अनिल तालान, प्रदेश उपाध्यक्ष हरिनाम वर्मा, यूपी एनसीआर के अध्यक्ष मांगेराम त्यागी, मुरादाबाद मंडल अध्यक्ष दिगंबर सिंह, मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक और प्रदेश उपाध्यक्ष राजबीर सिंह को बर्खास्त कर दिया गया है।

advertisement at ghamasaana