बुलंदशहर। अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व एक वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे बसपा के पूर्व विधायक जयभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस मामले में अहमदगढ़ थाने में गुड्डू पंडित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
दो दिन पूर्व एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसमें आवास विकास प्रथम निवासी गिरिराज सिंह, बसपा के पूर्व विधायक जयभगवान उर्फ गुड्डू पंडित को अभद्र टिप्पणी पर आपत्ति जताते नजर आ रहे थे, जिसके बाद गुड्डू पंडित गिरिराज और मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं को वैवाहिक समारोह से बाहर आने की धमकी देते नजर आ रहे हैं।
केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार के चेयरमैन गिरिराज ने अहमदगढ़ थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 30 नवंबर को वह अहमदगढ़ स्थित एक फॉर्म हाउस पर शादी समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे, जहां जयभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित पुत्र मिश्री लाल शर्मा निवासी शिकारपुर बाईपास रोड अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को गाली गलौज के बाद अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।
विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और फार्म हाउस से बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी देते हुए समारोह से चले गए। कार्यवाहक थाना प्रभारी अहमदगढ़ सतीश चंद ने बताया कि पीड़ित गिरिराज की तहरीर पर जयभगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

