मेरठ। एनसीआरटीसी ने पल्हैड़ा में रोडवेज के लिए नई कार्यशाला तैयार कर दी है। भैसाली अड्डे पर चल रही रोडवेज की क्षेत्रीय कार्यशाला अब पल्हैड़ा में स्थानांतिरत हो जाएगी। भैसाली स्थित कार्यशाला की जगह रैपिड रेल का भूमिगत स्टेशन बनेगा।
पल्हैड़ा में चार एकड़ क्षेत्र में तैयार इस कार्यशाला में आठ विशाल कार्यशाला शेड का निर्माण किया गया है। जिसमे एक साथ लगभग 20 बसों की मरम्मत और रख रखाव हो सकता है। इसके अलावा कार्यशाला में बसों की धुलाई के लिए प्लेटफार्म, रैंप युक्त स्टोर रूम, कर्मचारियों के आराम व सुविधा के लिए कार्यशाला शेड के बीच में स्टॉफ रूम, आपात स्थिति हेतु फायर टैंक, खाने-पीने की व्यवस्था हेतु कैंटीन आदि उपलब्ध होंगे।
कार्यशाला की निगरानी के लिए सीसीटीवी युक्त सिक्योरिटी सिस्टम, ऑफिस बिल्डिंग, निरीक्षण क्षेत्र, वॉशरूम, जेनरेटर कक्ष, गार्ड रूम आदि सहित एक आदर्श कार्यशाला के लिए जरुरी सभी सुविधाओं का निर्माण किया गया है। पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से डिपो में दो रेन वाटर हार्वेस्टिंग पिट भी बनाये गए हैं जो बारिश के पानी का संग्रहण करके भूमिगत जल स्तर बनाए रखने में मदद करेंगे। वहीं, कार्यशाला की चाहरदीवारी को पर्याप्त ऊंचाई दी गयी है।

