पटना। पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद भीड़ ने थाना घेर लिया। गुस्साई भीड़ ने थाने को आग के हवाले कर दिया। जान बचाकर भाग रहे पुलिस कर्मियों को दौड़ा दौड़ाकर पीटा। जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि शनिवार के दिन पश्चिमी चंपारण जिले में बलथर थाने की पुलिस गश्त पर थी, वहां अनिरूद्ध यादव बलथर गांव में डीजे बजा रहा था, पुलिस ने डीजे को जब्त कर अनिरूद्ध को गिरफ्तार लिया और थाने ले जाकर उसकी जमकर पिटाई की। जिससे उसकी थाने में मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि युवक की बंदूक से पिटाई से उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद उसके परिजनों और गांव वाले सैंकड़ों की संख्या में बलथर थाने पहुंच गए, वहां पहुंचकर उन्होंने थाने में जमकर तोड़फोड़ की और थाने को आग के हवाले कर दिया। थाने की 3 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं बलथर चौक पर शव को रखकर हंगामा भी किया।

जिले के एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि भीड़ ने तीन पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया । इस घटना में एक पुलिस कर्मी की भी जान चली गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पुलिस थाने में मौत मधुमक्खी के डंक से हुई है।