बोलीं उमा भारती-इस चुनाव में सपा का पिंड दान हो जाना चाहिए, नहीं तो हमारा जीवन मुश्किल हो जाएगा

गाजियाबाद। पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने गाजियाबाद के लोनी के 100 फुटा रोड पर भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सपा की सरकार की याद आती है, क्या अयोध्या के राम याद आते हैं या कारसेवकों पर चलती हुई गोलियां याद आती हैं। प्रदेश के लोगों को एक ही बात याद आती है कि जल्दी चलो वोट डालो, कहीं समाजवादी पार्टी की सरकार ना आ जाए, नहीं तो हमारा जीवन मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में उनका अंतिम संस्कार हुआ था, इस चुनाव में उनका पिंडदान हो जाना चाहिए।

उमा भारती ने कहा कि लोगों ने सरकार को पांच साल देख लिया है, अभी भाजपा को 15 साल और देने हैं। भारत की राजनीति में पहली बार एक साधु 2003 में मध्य प्रदेश की सीएम बनी थी। उस समय कांग्रेस के लोग मजाक बनाते थे कि साधुओं का काम भजन करना होता है, वह राज नहीं कर पाएंगे। जब वह मुख्यमंत्री बनीं तब बिजली पानी समेत अन्य समस्याओं का निदान कर मध्य प्रदेश को अव्वल दर्जे का बनाया था। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ को सीएम बनाने का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री से कहा था कि यह उनका सही फैसला है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता पहले नोएडा नहीं आते थे। क्योंकि, उन्हें किसी ज्योतिषी ने कहा था कि जो नोएडा जाता है वह चुनाव हार जाता है। लेकिन योगी आदित्यनाथ को नोएडा जाने में कोई डर नहीं लगा, क्योंकि उनके लिए प्रदेश का विकास सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मैं गंगोत्री से गंगासागर तक पैदल चलूंगी तो लोगों को उनकी जिम्मेदारियों को याद दिला दूंगी। गंगा जितनी सरकार की जिम्मेदारी है, उससे ज्यादा लोगों की जिम्मेदारी है। गंगा को साधु संतों ने अपनी तपस्या से बचाए रखा है। 

advertisement at ghamasaana