बस्ती। जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां खेत में काम कर रहे एक किसान दंपती की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय रामचरण और उनकी 52 वर्षीय पत्नी चंद्रावती के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, दंपती रोज़ की तरह अपने खेत में कृषि कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आसमान में तेज धमाके के साथ बिजली गिरी, जिससे मौके पर धुआं उठता दिखाई दिया और दोनों वहीं ढेर हो गए।
स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। इस हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रशासन की ओर से मुआवजे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी:
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में इन दिनों तेज आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है।

