नई दिल्ली। ‘इंस्पेक्टर साहेब बैठे हैं (तन कर) और एसपी साहब खड़े, ऐसे नहीं होता है जनाब।’ यह बात कही छत्तीसगढ़ के स्पेशल डीजीपी आरके विज ने। हालांकि उन्होंने ऐसा गंभीर होकर नहीं कहा बल्कि ऐक्टर अक्षय कुमार के एक ट्वीट पर चुटकी लेते हुए कहा।
दरअसल, अक्षय कुमार ने अपनी अपकमिंग फिल्म सूर्यवंशी के सेट से एक फोटो ट्वीट किया और फिल्म के रिलीज डेट की घोषणा की। अक्षय के इसी ट्वीट पर डीजीपी साहब ने चुटकी ली तो बाद में अक्षय कुमार ने भी इसका जवाब दिया। ऐक्टर अक्षय कुमार ने एक ट्वीट किया, ‘बहुत सारे परिवार आज उद्धव ठाकरे को धन्यवाद दे रहे होंगे!
महाराष्ट्र में 22 अक्टूबर से सिनेमाहॉल फिर से खोलने की अनुमति देने के लिए आभारी हूं। अब किसी के रोके न रुकेगी- आ रही है पुलिस।’ इस ट्वीट के साथ अक्षय ने एक फोटो भी शेयर की जिसमें अक्षय कुमार, अजय देवगन, रणवीर सिंह और डायरेक्टर रोहित शेट्टी दिखाई दे रहे हैं। तस्वीर में साफ दिख रहा है कि इंस्पेक्टर का रोल करने वाले रणवीर सिंह टेबल पर बैठे हैं जबकि सीनियर अफसर का रोल करने वाले अक्षय कुमार और अजय देवगन खड़े हैं।
अक्षय कुमार के इसी ट्वीट को रिट्वीट करते हुए डीजीपी आरके विज ने लिखा- ‘इंस्पेक्टर साहेब बैठे हैं (तन कर) और एसपी साहब खड़े, ऐसे नहीं होता है जनाब।’

