देहरादून l अभी काॅलेजों में औपचारिक रूप से छात्र संघ चुनाव की कोई चर्चा भले न हो लेकिन छात्रनेताओं ने ताकत दिखाकर टिकट की दावेदारी करने में कोई कसर नहीं छोड़ रखी है। हर दिन कोई न कोई दावेदार कालेज परिसरों में रैली निकाल रहा है।
डीएवी काॅलेज में एबीवीपी से टिकट के दावेदारों ने सोमवार को हजारों समर्थकों के साथ रैली निकाली थी। वीरवार को एनएसयूआई ने भी भीड़ जुटाकर इसका जवाब दिया। इस साल सीयूईटी का रिजल्ट देरी से जारी होने के कारण अभी तक एडमिशन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। दूसरी तरफ तीसरे और पांचवे सेमेस्टर में भी एडमिशन लेट हो रहे हैं क्योंकि विवि ने अभी तक कुछ सेमेस्टर का रिजल्ट जारी नहीं किया गया है।
इसके बावजूद छात्रनेता काॅलेजों में खासे सक्रिय दिख रहे हैं। डीएवी काॅलेज में बीते दस दिन से छात्रनेता छात्रों का समर्थन जुटाने के लिए काउंटर लगाकर बैठे हैं। हर काई नए छात्रों की मदद करने को उतावला दिखता ताकि ज्यादा से ज्यादा नए छात्रों को चेहरा दिखाया जा सके।
एनएसयूआई और एबीवीपी में टिकट के दावेदारों के बीच शक्ति प्रदर्शन करने की होड़ भी शुरू हो गई है। चुनाव को देखते हुए ही काॅलेज की समस्याओं को लेकर ज्ञापन देने, धरना प्रदर्शन करने और आंदोलन की चेतावनी जारी करने का दौर भी जोर पकड़ने लगा है।
डीएवी काॅलेज में 100 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने और शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने समेत अन्य मांगों को लेकर एनएसयूआई का धरना वीरवार को भी जारी रहा। सुबह से शाम तक बारिश होती रही लेकिन धरना देने वालों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा और वे धरने पर जमे रहे। छात्र संघ अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि मौसम चाहे जैसा भी हो वे अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन जारी रखेंगे।

