नूपुर शर्मा का समर्थन करने पर काट दी टेलर की गर्दन, वीडियो भी बनाया, जानिए पूरा मामला

kanhaiyalal

राजस्थान के उदयपुर में नूपुर शर्मा के समर्थन में आठ साल के बच्चे की पोस्ट उसके पिता के लिए जानलेवा बन गई। पोस्ट से गुस्साए हैवानों ने जिस निर्ममता से बच्चे के पिता कन्हैयालाल की गला काट कर हत्या कर दी, उसे जिसने भी सुना सिहर उठा। हैवानियत की हद तो तब हो गई जब आरोपियों ने तालिबान की तर्ज पर इस हत्याकांड का वीडियो जारी किया। इससे देश में काफी गुस्सा है। हालांकि राजस्थान सरकार का दावा है कि दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्यारों ने हत्या के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धमकी भी दी।

वारदात मंगलवार दोपहर की है। आरोपी कपड़ा सिलवाने के बहाने कन्हैयालाल की दुकान में गए। इसमें एक आरोपी वीडियो बनाता रहा, जबकि दूसरा नाप देने लगा। जब कन्हैया नाप ले रहा था। उसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। कन्हैया बचाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी गर्दन को धारदार हथियार से काट डाला

बताया जा रहा है कि एक आरोपी मोहम्मद रियाज ने 17 जून को ही कन्हैयालाल को मारने की धमकी दी थी। यह वीडियो उदयपुर में सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स में वायरल था। इस धमकी से डरकर कन्हैयालाल ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी। वह छह दिन से दुकान भी नहीं खोल रहा था। मंगलवार को ही उसने दुकान खोली और आरोपियों ने ऐलान के मुताबिक उसका सिर धड़ से अलग कर दिया।

कन्हैयालाल के परिजनों का कहना है कि यह पोस्ट गलती से कन्हैया के आठ साल के मासूम बच्चे ने अनजाने में कुछ वॉट्सऐप ग्रुप में भेज दिया था। यह पोस्ट कुछ कट्टरपंथियों ने देखा तो वह कन्हैयालाल के दुश्मन बन गए। आरोपी रियाज ने 17 जून को ही एक वीडियो जारी करके कन्हैया को मारने की धमकी दी थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को राजसमंद के भीम में गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारों की पहचान मोहम्मद रियाज और मोहम्मद गौस के रूप में हुई है। घटना को अंजाम देने के बाद इन्होंने वीडियो जारी करके अपना जुर्म भी कबूल किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हवा सिंह घुमारिया ने संवाददाताओं को बताया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। घुमारिया ने मीडिया से भी कहा कि अत्यधिक भड़काऊ सामग्री के वीडियो को प्रसारित न करें।

राजस्थान के मुख्यमंत्री ने घटना को दर्दनाक और शर्मनाक बताया है। गहलोत ने कहा, इस घटना में शामिल सभी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पुलिस इसकी तह तक जाएगी। मैं सभी पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। गहलोत ने कहा, मैं सभी से अपील करता हूं कि इस घटना का वीडियो शेयर कर माहौल खराब न करें। वीडियो शेयर करने से अपराधी का समाज में नफरत फैलाने का मकसद सफल होगा।

advertisement at ghamasaana