इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया तैयार इनको मिलेगा मौका

team india

नई दिल्लीl पांच मैचों की टी-20 सीरीज में इंग्लैंड को 4-1 से हराने के बाद अब टीम इंडिया वनडे सीरीज की तैयारियों में जुट गई है। पहला वनडे 6 फरवरी को नागपुर में खेला जाएगा। भारतीय खिलाड़ियों ने नेट्स में जमकर अभ्यास किया, जहां विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे अनुभवी बल्लेबाजों ने शानदार शॉट्स लगाए। वहीं केएल राहुल और ऋषभ पंत भी अपने अंदाज में नजर आए। हालांकि, प्रैक्टिस के दौरान देखा गया कि केएल राहुल विकेटकीपिंग का अभ्यास कर रहे थे, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि पहले वनडे में ऋषभ पंत को बाहर बैठना पड़ सकता है या दोनों को एक साथ भी टीम में जगह मिल सकती है।

नेट्स पर दिखा अलग ही जोश

साल 2024 में विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन निराशाजनक रहा, लेकिन वनडे फॉर्मेट में दोनों अपनी लय हासिल करने के लिए उत्साहित दिखे। रोहित ने रिवर्स स्वीप सहित आक्रामक शॉट्स खेले, वहीं कोहली ने फ्रंट फुट पर जोरदार ड्राइव्स लगाईं।

राहुल ने की विकेट कीपिंग, पंत ने फोकस किया बल्लेबाजी पर

प्रैक्टिस सेशन में केएल राहुल ने न केवल बल्लेबाजी बल्कि विकेटकीपिंग का भी अभ्यास किया, जबकि ऋषभ पंत ने बल्लेबाजी पर ज्यादा ध्यान दिया। इससे संकेत मिलता है कि राहुल विकेटकीपिंग की भूमिका निभा सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो पंत को बाहर बैठना पड़ सकता है या फिर दोनों एक साथ खेल सकते हैं।

संभावित प्लेइंग इलेवन

ओपनिंग की जिम्मेदारी रोहित शर्मा और शुभमन गिल के कंधों पर होगी। इसके बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर मध्यक्रम को संभाल सकते हैं। केएल राहुल या ऋषभ पंत में से कोई एक पांचवें नंबर पर जबकि ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या छठे स्थान पर खेल सकते हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी की वापसी तय मानी जा रही है, जिनका साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा दे सकते हैं। स्पिन विभाग में रवींद्र जडेजा के साथ कुलदीप यादव या वरुण चक्रवर्ती में से किसी एक को मौका मिल सकता है।

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल/ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव/वरुण चक्रवर्ती।

दो नए खिलाड़ियों का हो सकता है डेब्यू

यदि हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती को अंतिम एकादश में शामिल किया जाता है, तो यह उनका वनडे डेब्यू होगा। हर्षित राणा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 में डेब्यू किया था, जबकि वरुण टी-20 स्पेशलिस्ट रहे हैं। अब दोनों को वनडे कैप मिलने की संभावना है।

advertisement at ghamasaana