सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र में बाबा लालदास बाड़ा स्थित बाला जी मंदिर में एक सेवादार की धारदार हथियार से वार हत्या कर दी गई। सेवादार का शव मंदिर परिसर में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साथ रहने वाले अन्य साधुओं से भी पूछताछ कर रही है।
घटना थाना मंडी की है। पुराना कलसिया रोड पर बाबा लालदास का बाड़ा है। इसी के परिसर में प्राचीन बाला जी मंदिर है, जिसे चरण पादुका स्थल भी कहते हैं। बुधवार की देर रात सेवादार बहादुर (65) की हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह मंदिर परिसर में उसका शव पड़ा मिला। मंदिर जाने वाले लोगों ने शव देखा तो डायल 112 पर फोन कर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की जांच की।
पुलिस ने बताया कि देर रात सेवादार बहादुर की साथ रहने वाले अन्य साधुओं से किसी बात पर कहासुनी हुई थी। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है। साथ ही उनसे पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सेवादार की हत्या के मामले में पुलिस जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मंदिर परिसर में रहने वाले अन्य साधुओं से झगड़े की बात सामने आ रही है।
-35 साल से सेवा कर रहा था बहादुर
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक सेवादार बहादुर करीब 35 साल से बाबा लालदास बाड़ा परिसर में बने एक मंदिर में रहकर सेवा कर रहा था। मृतक नेपाल का है।

