बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में इन दिनों एक महिला अपराधी के नाम से सनसनी मची हुई है। समा खातून, जिसे लोग अब ‘लेडी डॉन’ कह रहे हैं, पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वह खुलेआम मारपीट करती नजर आ रही है, जिससे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने अब तक दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
सबसे ताजा मामला बस्ती सदर कोतवाली क्षेत्र के रजिस्ट्री ऑफिस से सामने आया है। आरोप है कि समा खातून ने सरेआम शाहीद हसन नामक युवक पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाहीद किसी मुकदमे की पैरवी के लिए आया था, तभी समा खातून ने पहले से घात लगाकर उस पर हमला कर दिया।
इस पूरे घटनाक्रम का मोबाइल वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें समा खातून को युवक पर कई बार थप्पड़ मारते हुए साफ देखा जा सकता है। हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। इस अपमानजनक हमले के बाद पीड़ित ने FIR दर्ज कराई, जिसके आधार पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
समा खातून की दबंगई यहीं नहीं रुकी। एक अन्य मामले में उस पर आरोप है कि उसने राजमती चौधरी नामक महिला को अपने गुर्गों से बुरी तरह पिटवाया। इस घटना का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें कुछ युवक लाठी-डंडों से राजमती को पीटते नजर आते हैं।
इस हमले के बाद राजमती चौधरी ने पुलिस महानिरीक्षक (IG) से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी ने तत्काल रिपोर्ट तलब कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राजमती ने अपनी शिकायत में समा खातून को इस हमले का मास्टरमाइंड बताया है।
सीओ सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि दोनों घटनाओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और वीडियो फुटेज के आधार पर जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से ले रही है और कहा गया है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

