Meerut news : कुत्ते ने अपनी जान पर खेलकर मालिक का घर लुटने से बचा लिया

meerut news_ghamasaana

मेरठ। अभी तक आपने कई खबरें सुनी और पढ़ी होंगी कि किसी के पालतू कुत्ते ने किसी बच्चे को घायल कर दिया, लेकिन यहां एक घटना ऐसी हुई कि एक पालतू कुत्ते ने अपनी वफादारी का हक अदा कर दिया। कुत्ते ने जब देखा कि घर में बदमाश घुस आए हैं और उन्होंने मालकिन के उपर पिस्टल तान दी है तो जान की परवाह किए बिना ही वह बदमाशों पर टूट पड़ा और बदमाशों को भागने पर मजबूर कर दिया।

मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के विजय नगर में सराफा कारोबारी विजयवीर रस्तोगी के घर रविवार शाम 7.12 बजे यहां चार बदमाश आए। इनमें एक युवती भी थी। इन्होंने मास्क लगा रखा था। युवती से दरवाजा खुलवाने के बाद एक बदमाश ने कारोबारी की पुत्रवधू आकांक्षा पर पिस्टल तान दी। मालकिन को खतरे में देख उनकी पालतू कुतिया जिनी उन पर टूट पड़ी। इसके चलते पांच मिनट में ही बदमाशों को यहां से खाली हाथ भागना पड़ा। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है।

परिवार के मुताबिक रविवार शाम उनके घर पर एक युवती के साथ दो लोग आए। उन्होंने दरवाजे की घंटी बजाई। आकांक्षा दरवाजा खोलने आई। उनके साथ जिनी भी दरवाजे पर आ गई। युवती ने आकांक्षा से किराए पर मकान के बारे में पूछा तो उन्होंने मना कर दिया। इसी बीच तीसरा व्यक्ति आया और उसने आकांक्षा की कनपटी पर पिस्टल तान दी और घर के अंदर घुसने की कोशिश की। यह देख जिनी ने बदमाशों पर झपट्टा मार दिया। इसके बाद बदमाश भाग निकले। बताया जा रहा है कि उनका एक अन्य साथी गली के कोने पर खड़े होकर रेकी कर रहा था।

हादसे की सूचना मिलते ही विजयवीर और उनके दोनों पुत्र घर पहुंचे। उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घटना के बारे में पूछताछ की और सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बदमाश कैमरे में कैद हो गए। पुलिस ने फुटेज लेकर उनकी तलाश शुरू कर दी। इसके बाद कैंट विधायक अमित अग्रवाल सहित कई व्यापारी सराफ के घर पहुंचे। उन्होंने जिनी की वफादारी को सराहा और पुलिस से बदमाशों को जल्द गिरफ्त में लेने की मांग की।

जिनी ने अपनी वफादारी ने जीता सबका दिल
जिनी की वफादारी ने परिवार के लोगों का दिल जीत लिया। हर किसी की जुबान पर सिर्फ एक ही बात थी कि जिनी ने घर लुटने से बचा लिया। परिवार के सदस्यों ने हर जिनी को कई बार दुलारा। परिजनों ने उसे कई बार अपने गले भी लगाया। सराफ ने बताया कि तीन साल पहले ही गोल्डन रिट्रीवर नस्ल की इस कुतिया को खरीदा था। घर आने के बाद उसका नाम जिनी रखा गया। जिनी को घर के सदस्य की तरह ही रखा जाता है।

advertisement at ghamasaana