सहारनपुर। चालक को लगी नींद की झपकी के कारण कार एक पुलिया से टकरा गई और बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में कारोबारी सहित तीन लोगों की मौत हुई। बताया गया कि कार सवार परिवार फरीदाबाद से रात में ही सहारनपुर लौट रहा था। रातभर कार चलाते हुए सुबह करीब पांच बजे जब नागल क्षेत्र में पहुंचे तो कार चला रहे अमित को झपकी आ गई और हादसा हो गया।
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर वाहन तेज रफ्तार में फर्राटा भरते हैं। ऐसे में नींद की झपकी खतरनाक साबित होती है। जनपद में पहले भी कई बार ऐसे हादसे हुए हैं, जब वाहन चलाते समय चालक को नींद आने की वजह से लोगों की जान गई है। सभी दुर्घटनाएं रात के समय हुई हैं। इसके पीछे जल्दबाजी और लापरवाही हादसों का कारण बनी हैं। क्योंकि, नींद पूरी किए बिना घर पहुंचने की जल्दबाजी में वाहन लेकर लोग रात में सफर करते हैं और नींद आने पर हादसे हुए हैं।
मदन को खींच लाई मौत, रोक रहे थे रिश्तेदार
हादसे में जान गंवाने वाले मदन लाल नरुला मुजफ्फरनगर के खतौली के रहने वाले थे। फरीदाबाद से पत्नी पिंकी के साथ बहनोई अशोक सलूजा की कार से आ रहे थे। रास्ते में खतौली आता है, लेकिन मदन और उनकी पत्नी वहां नहीं उतरे, बल्कि उन्होंने सहारनपुर आने का मन बना लिया। परिवार के लोगों ने बताया कि फरीदाबाद में रिश्तेदार सभी को रात में वहीं रोक रहे थे, लेकिन घर पहुंचने का हवाला देकर अशोक सलूजा और उनके परिवार के सदस्य नहीं रुके।

