राजस्थान के उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या करने वाले आरोपी गौस और रियाज मोहम्मद काल कोठरी में बंद है। यह ऐसी कोठरी है जहां लाइट भी नहीं होती है। जेल परिसर में लगी फ्लड लाइट्स से ही यहां रोशनी पहुंचती है।
जेल की सुरक्षा इतनी सख्त है कि यहां बंद कैदी एक दूसरे से बात भी नहीं कर सकते हैं। आईए अब आपको बताते हैं कि ऐसी जेल कहां है और आरोपियों को यहां क्यों रखा गया है? दरअसल, कन्हैयालाल की हत्या के बाद से पूरे प्रदेश में तनाव के हालात हैं। इस हत्याकांड को लेकर लोगों और खासकर हिंदू संगठनों में काफी नाराजगी है।
हत्या के विरोध में जगह-जगह प्रदर्शन किए जा रहे हैं। ऐसे में हत्यारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में रखा गया है। इसका नाम घूघरा जेल है। यह एक ऐसी जेल है जहां कुख्यात अपराधी भी नहीं आना चाहते हैं। जानें कैसी है जेल की सुरक्षा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार घूघरा जेल में कैदियों के लिए 30 कोठरियां हैं।
सुरक्षा कारणों के चलते इन कोठरियों में लाइट की व्यवस्था भी नहीं की गई है। जेल परिसर में लगी फ्लड लाइट्स की रोशनी ही काल कोठरियों में पहुंचती है। जेल में आने वाले कुख्यात अपराधियों को अलग-अलग कोठरी में रखा जाता है। एक कोठरी में दो अपराधी रहते हैं। अगर, अपराधी एक ही गुट के हैं तो उन्हें अलग-अलग कोठरी में ही रखा जाता है।

