हरिद्वार। हरिद्वार में कुंभ के दौरान हुए कोरोना जांच घोटाले में मैक्स कारपोरेट सोसाइटी के पार्टनर शरत पंत और उसकी पत्नी मलिका पंत को एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। एसआईटी की टीम दोनों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली में डेरा डाले हुए थी। आज दोपहर बाद तक दोनों को गिरफ्तार कर हरिद्वार लाया जाएगा। जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. योगेंद्र सिंह रावत घोटाले में उनकी भूमिका का खुलासा करेंगे।
आपको बता दें कि कोरोनाकाल में संपन्न हुए बीते कुंभ 2021 में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कोरोना टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट अनिवार्य की गई थी। हरिद्वार की सीमाओं पर और कुंभ क्षेत्र में जगह-जगह कोरोना टेस्टिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से इंतजाम किए गए थे। कुंभ में टेस्टिंग का ठेका लेने वाली कम्पनी मैक्स कॉरपोरेट सर्विसेज दिल्ली ने बड़े पैमाने पर फर्जी टेस्ट कर सरकार को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया था।
छह महीने पहले इस मामले में हरिद्वार की शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसके बाद मामला मिडिया में छा गया था। विपक्ष ने भी इसे मुद्दा बना लिया था। इस मामले की जांच कर रही एसआईटी की एक टीम ने मैक्स कारपोरेट कम्पनी के पार्टनर शरत पंत और उसकी पत्नी मल्लिका पंत व नवतेज नलवा के खिलाफ पहले गैर जमानती वारंट और फिर कुर्की के लिए मुनादी की कार्रवाई थी। अब आखिरकार पंत दंपती पुलिस के हाथ आ गए। उन्हें पकड़कर हरिद्वार लाया जा रहा है। कुछ आरोपी इस मामले में नैनीताल हाईकोर्ट भी जा चुके हैं। लेकिन हाईकोर्ट उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुका है।

