बागपत। पिलाना में स्थित मछली पालन केंद्र पर रह रहे नौकर की किसी वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी गई। ग्रामीणों ने बताया कि सुभाष का शव अर्द्धनग्न हालत में पड़ा मिला। मछली पालन केंद्र के मालिक नरेंद्र पुत्र मित्र सेन वर्तमान में दिल्ली में रहते हैं। बताया गया कि उनके बेटे यहां मछली पालन केंद्र की जिम्मेदारी को संभालते हैं।
सुभाष (50 वर्ष) मूलरूप से बुलंदशहर के गांव अगौता के रहने वाले थे और पिलाना निवासी नरेंद्र पुत्र मित्र सेन के मछली पालन केंद्र की देखरेख करते थे। मित्रसेन वर्तमान में परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। नरेंद्र के मुताबिक, सुभाष गुरुवार सुबह को दूध लेने नहीं गया और उसका फोन भी नहीं उठाया। इसके बाद उसने पिलाना गांव में फोन करके एक व्यक्ति को मछली पालन केंद्र भेजा। व्यक्ति ने सुभाष का शव कमरे में पड़ा होने की सूचना दी। नरेंद्र ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी के अनुसार सुभाष की हत्या बुधवार रात को हुई है। किसी भारी वस्तु से सिर कुचलकर हत्या की गई है, लेकिन मौके पर कोई हथियार आदि नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही मामले में जांच शुरू कर दी गई है।

