बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती रिपोर्ट्स में उनकी हालत को गंभीर बताया गया, जिसके बाद मंगलवार सुबह कई मीडिया हाउसों ने बिना पुष्टि के उनके निधन की झूठी खबरें प्रसारित कर दीं। धर्मेंद्र के करीबी सूत्रों से की और बताया कि अभिनेता अभी जीवित हैं और उनकी हालत स्थिर है।
धर्मेंद्र की बेटी एशा देओल ने सोशल मीडिया पर पिता की हेल्थ को लेकर अपडेट देते हुए कहा कि “पापा की हालत स्थिर है। कृपया अफवाहों पर ध्यान न दें।” वहीं उनकी पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने भी झूठी खबरें फैलाने वालों पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “जो हो रहा है वह माफ़ करने लायक नहीं है! ज़िम्मेदार चैनल्स एक ऐसे इंसान के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है और ठीक हो रहा है? यह बहुत ही अपमानजनक और गैर-जिम्मेदार हरकत है। कृपया परिवार और उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें।”
इस बीच, धर्मेंद्र के दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल भी अस्पताल पहुंच चुके हैं। दोनों ने डॉक्टरों से पिता की स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की। इसके अलावा धर्मेंद्र के पोते करण देओल भी दादा का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। अस्पताल के बाहर फैंस की भारी भीड़ जुटी हुई है, जो अपने पसंदीदा अभिनेता के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं कर रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
धर्मेंद्र के घर के बाहर भी लगातार लोगों की आवाजाही बनी हुई है। कुछ देर पहले उनके भतीजे अभय देओल घर में प्रवेश करते हुए देखे गए। बताया जा रहा है कि परिवार के सभी सदस्य फिलहाल एकजुट होकर धर्मेंद्र के स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल डॉक्टरों की टीम धर्मेंद्र के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और अस्पताल प्रशासन ने अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। पूरे देश में धर्मेंद्र के चाहने वाले उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

